Ayushman Card : स्वास्थ्य के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश का एक नया कीर्तिमान
- 8 हजार मरीज प्रतिदिन योजना का लाभ उठाते हैं।
- 5,351 अस्पतालों में 34.81 लाख मरीजों को मिला निःशुल्क उपचार
देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश ने एक नया कीर्तिमान अपने नाम किया है। प्रदेश ने यह कीर्तिमान स्वास्थ्य के क्षेत्र में करते हुए, देश का पहला राज्य बन गया है। दरअसल, केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं में प्रदेश के गरीब, पिछड़े और जरूरतमंद लोगों को लाभ मिल रहा है। जिसमें स्वास्थ्य की भी कई योजनाएं लोगों को लाभ पहुंचा रही हैं।
इसी कड़ी में केंद्र द्वारा संचालित योजना Ayushman Card योजना में उत्तर प्रदेश ऐसा पहला राज्य बन चुका है, जहां सबसे ज्यादा लोगों को Ayushman Card बांटे गए हैं। इस कार्ड से आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को गंभीर से गंभीर बीमारियों का इलाज कराने में मदद मिल रही है। आइए जानते हैं उत्तर प्रदेश की इस उपलब्धि के बारे में
Ayushman Card : 8 महीने में ही बना दिए गए 1.94 करोड़ कार्ड
उत्तर प्रदेश ने आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत पांच करोड़ लाभार्थियों के Ayushman Card बनाकर कीर्तिमान स्थापित किया है। यह पहला राज्य है, जिसने पांच करोड़ Ayushman Card बनाने का आंकड़ा पार किया है। पांच वर्ष पहले लागू योजना में बीते 17 सितंबर तक 3.06 करोड़ कार्ड ही बनाए गए थे। आठ महीने में ही सर्वाधिक 1.94 करोड़ लाभार्थियों के कार्ड बनाए गए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस उपलब्धि पर बधाई दी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में लाभार्थियों को शत-प्रतिशत योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। उप मुख्यमंत्री और उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि आयुष्मान योजना के लाभार्थियों के Ayushman Card बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। ऐसे लोग जो रोजी-रोजगार के लिए दूसरे प्रदेशों में रहते हैं। उन्हें त्योहार के अवसर पर प्रदेश आने पर कार्ड बनाने की सुविधा दी गई।

राशन की दुकानों पर भी कैंप लगाए गए। पहले प्रतिदिन दो हजार मरीज इस योजना का लाभ उठाते थे। अब यह आंकड़ा बढ़कर आठ हजार रोगी प्रतिदिन हो गया है। अकेले अयोध्या में आठ लाख लोगों के कार्ड बनाए गए। पांच वर्ष पहले शुरू हुई इस योजना का अब तक 34.81 लाख रोगी अपना निश्शुल्क उपचार करा चुके हैं। योजना का लाभ देने वाले अस्पतालों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। अब कुल 5,351 अस्पतालों में इस योजना से मुफ्त उपचार की सुविधा दी जा रही है।
लाभार्थी परिवारों की संख्या 1.80 करोड़ है और इसमें 1.31 करोड़ लाभार्थी परिवार आयुष्मान योजना के हैं। बाकी 49.23 लाख लाभार्थी मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना व अंत्योदय अन्न योजना के हैं। ऐसे में कुल लाभार्थियों की संख्या करीब 9.02 करोड़ है। आयुष्मान एप से लाभार्थी घर बैठे आनलाइन आयुष्मान कार्ड बनवा सकता है।
Ayushman Card : आयुष्मान कार्ड क्या है
आयुष्मान कार्ड एक प्रकार का स्वास्थ्य बीमा कार्ड है, जिसे भारत सरकार ने गरीब ,आर्थिक रूप से कमजोर वर्गो,पिछड़ों के स्वास्थ्य लाभ के लिए शुरू किया है। इस कार्ड की मदद से बिना किसी भुगतान के उच्च गुणवत्ता वाले चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मरीज को मिलता है। इस कार्ड को अस्पताल में दिखाने पर मुफ्त में बड़ी और छोटी चिकित्सा का लाभ लिया जा सकता है। जैसे : अस्पताल में भर्ती मरीज के रोजमर्रा के खर्च, सर्जरी, और दवाओं की लागत।

दरअसल, वर्तमान समय में कैंसर, मधुमेह, हार्ट संबंधी समस्या, शरीर में विभिन्न तरीके के ऑपरेशन, दमा, जैसी अन्य ऐसी बीमारियां हैं, जिनका इलाज काफी महंगा होता है। हालांकि, वे वर्ग जो आर्थिक रूप से इनका इलाज करने में सक्षम हैं। उन्हें किसी प्रकार की समस्या नहीं होती है। लेकिन, जो वर्ग आर्थिक रूप से कमजोर है, उन्हें इस कार्ड की मदद से काफी राहत पहुंची है।
खबरों से अपडेट रहने के लिए जुड़ें :-

Rajesh Mishra
राजेश मिश्रा
आप उत्तर प्रदेश के वाराणसी के रहने वाले हैं। आपने राजकीय पॉलीटेक्निक, लखनऊ से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। आप ऐतिहासिक जगहों पर घूमना और उनके बारे में जानने और लिखने का शौक रखते हैं।
आप THE HIND MANCH में लेखक के रूप में जुड़े हैं।