सरयू तट पर बसी अयोध्या नगरी में भव्य राम मंदिर का आकार सामने आ चुका है।
जिसे लेकर देश भर में उत्साह देखा जा रहा है। आगामी 22 जनवरी को श्री राम मंदिर में रामलला के बाल स्वरूप की मूर्ति को प्राण प्रतिष्ठित किया जाएगा। उम्मीद जताई जा रही है कि राम लला के दर्शन हेतु लाखों की संख्या में अयोध्या आएंगे। इस ऐतिहासिक आयोजन में देश भर के गणमान्य लोगों की भी उपस्थिति होनी है। ऐसे में भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर ट्रस्ट की तरफ से एक बयान जारी किया गया है। श्री राम भूमि तीर्थ क्षेत्र के सचिव चंपत राय ने कहा – आगामी 22 जनवरी को मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा दोपहर 12 बजे से शुरू होगी। उन्होंने आगे बताया कि मूर्ति और गर्भ गृह दोनों बनकर तैयार हो गया है। हालांकि, अभी पूरे मंदिर निर्माण में दो वर्ष का समय लग सकता है।
मंदिर ट्रस्ट ने कहा 22 जनवरी को अयोध्या न आएं
मिली जानकारी के अनुसार, देश के हर राज्य से लाखों की संख्या में रामभक्त अयोध्या जाने की तैयारी में है। ऐसे में चंपत राय ने लोगों से आग्रह करते हुए कहा कि 22 जनवरी को अयोध्या न आने के बजाय अपने घरों, नजदीकी मंदिरों में भजन कीर्तन करते हुए आनंद महोत्सव मनाएं। उन्होंने राम भक्तों को संदेश देते हुए कहा- ” 22 जनवरी को अयोध्या न आएं… अपने नजदीकी मंदिर में इकट्ठा होकर दिए जलाएं, राम स्तुति का पाठ करते हुए भजन कीर्तन करें।
दरअसल, मंदिर ट्रस्ट की तरफ से कोशिश है कि शहर में भीड़-भाड़ कम रहे। इतने वर्षों के बाद भगवान श्री राम का मंदिर बन रहा है, ऐसे में देश भर के रामभक्तों की आस्था चरम पर है। सभी चाहते हैं कि इस पुण्य दिन के वह भी भागीदार बनें। लेकिन, अयोध्या में इतनी भारी भीड़ होने से कही अनहोनी न हो।
एक हफ्ते पहले से शुरू होंगे वैदिक कार्यक्रम
बताते चलें कि प्राण-प्रतिष्ठा के लिए वैदिक अनुष्ठान मुख्य आयोजन से पहले एक सप्ताह पहले ही शुरू हो जाएंगे। यानी कि मकर संक्रांति के तुरंत बाद 16 जनवरी से मांगलिक कार्यक्रम शुरू हो जाएंगे। इस आयोजन में मुख्य कार्यक्रम को लक्ष्मी कांत दीक्षित के द्वारा किया जाएगा। जाहिर सी बात है कि इतने बड़े भव्य आयोजन की पूजा विधि सामान्य नहीं रहने वाली है। बताया जा रहा है कि देश भर की अलग-अलग नदियों से जल भी प्राण प्रतिष्ठा के लिए लाया जाएगा।
रामभक्तों के लिए बनाई जा रही है टेंट सिटी
मंदिर ट्रस्ट एवं स्थानीय प्रशासन भी अपनी पूरी तैयारी कर रहा है। प्राण प्रतिष्ठा के पुण्य दिन पर बाहर से आने वाले भक्तों के लिए टेंट सिटी बनाई जा रही है। जिसमें रहने-खाने की उत्तम व्यवस्था की जाएगी। बताया जा रहा है कि देश-विदेश से भी लोग इस आयोजन में शामिल होने के लिए आ रहे हैं। लगभग 80 हजार लोगों की व्यवस्था इस टेंट सिटी में रहने वाली है। अयोध्या में इस समय सभी होटल, धर्मशाला एवं लॉज एडवांस बुकिंग में हैं। देश सहित विदेश से भी लोगों ने अयोध्या आने की तैयारी की हुई है।
अयोध्या में राम मंदिर बनने से बदल जाएगा शहर
अयोध्या में भव्य राममंदिर बनने से शहर में कई बदलाव होने वाले हैं। एक तरह से शहर में एक नए विकास की पटकथा लिखी जाएगी। नए-नए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, इसी के साथ व्यापार की भी संभावनाएं बढ़ेंगी। अयोध्या में जहां निवेशक निवेश कर रहे हैं, वहीं आवासीय परियोजनाओं ने भी रफ्तार पकड़ी है। सरकार की कई महत्वाकांक्षी योजनाएं इस समय प्रगतिशील है। अयोध्या शहर को देश के सभी छोटे-बड़े शहरों से सड़क और वायु मार्ग से जोड़ने की तैयारी हो रही है। शहर में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बनाया जा रहा है। जिससे देश-विदेश से लोग भी रामलला के दर्शन के लिए सुगमता से शहर में आ सकें।

Rajesh Mishra
राजेश मिश्रा
आप उत्तर प्रदेश के वाराणसी के रहने वाले हैं। आपने राजकीय पॉलीटेक्निक, लखनऊ से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। आप ऐतिहासिक जगहों पर घूमना और उनके बारे में जानने और लिखने का शौक रखते हैं।
आप THE HIND MANCH में लेखक के रूप में जुड़े हैं।
[…] टिप्पणियों पर ध्यान न देने की अपील की है। जिसमें कहा गया है कि भारतीयों […]