अयोध्या में नव वर्ष में 22 जनवरी को राम मंदिर में बाल रूप भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा का आयोजन तय हुआ है।
जिसे लेकर राम मंदिर ट्रस्ट और सचिव चंपत राय समेत अन्य ट्रस्टी काफी उत्साहित है। मंदिर ट्रस्ट की तरफ से आयोजन में शामिल होने के लिए मेहमानों की सूची जारी कर दी गई है। मंदिर ट्रस्ट की तरफ से देश के गणमान्य लोगों को निमंत्रण भी भेजा गया है। जिसमें खेल, राजनीति, साहित्य, कला एवं अन्य क्षेत्रों के दिग्गज शामिल है।
अब इसी कड़ी में श्री रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के सचिव और विहिप के नेता चंपत राय ने एक प्रेस वार्ता में प्राण प्रतिष्ठा के आयोजन में बुलाए जाने वाले मेहमानों की सूची सार्वजनिक कर दी है। राय ने वार्ता के दौरान बताया कि कार्यक्रम में देश के हर क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति को बुलाने पर विचार किया गया है।

अयोध्या सहित देश के बड़े-बड़े साधु संतों, विचारकों, नेताओं, पद्मश्री विजेताओं सहित अन्य क्षेत्रों के लोगों को बुलाया गया है। दरअसल, इस आयोजन में शामिल होने के लिए देशभर के रामभक्तों में काफी उत्साह है। सब चाहते हैं कि अपने आराध्य के आगमन का वो भी अपनी आंखों से देख पाएं। लेकिन, भीड़ को देखते हुए मंदिर ट्रस्ट ने सोच समझकर सूची जारी की है। इसी के साथ कहा भी है कि आम जनमानस अपने घरों, नजदीकी मंदिरों और अपने सगे संबंधियों के साथ इस पावन दिन पर प्रभु का स्वागत करें।
प्राण प्रतिष्ठा में शामिल होंगे साधु संत

चंपत राय ने बताया कि साधु संतों में बाबा रामदेव, केरल की अम्मा आनंदमयी अम्मा, बौद्ध धर्म के सबसे बड़े संत दलाई लामा, हस्तिनापुर के जैन मुनि कीर्ति जी महाराज, जगतगुरु रामानंद रामभद्राचार्य, रामवल्लभ आचार्य विद्या भास्कर, स्वामी नारायण समूह, आर्ट ऑफ लिविंग, गायत्री परिवार, एवं अन्य साधु संतों से आयोजन में शामिल होने का निवेदन किया गया है।
इसके अतिरिक्त लगभग 2200 गृहस्थों, खेल जगत, वैज्ञानिकों, मीडिया हाउस के मालिकों, पत्रकारों, लेखकों , कहानीकारों, रंगमंच, कवि जैसे क्षेत्रों से जुड़े लोगों को भी बुलाया गया है। ऐसे लोगों के परिवारों को निमंत्रण भेजा गया है, जिन्होंने राम जन्मभूमि के लिए अपना बलिदान भी दिया है। बड़े-बड़े कॉपोरेट जगत के प्रमुखों को बुलावा भेजा गया है।
प्राण प्रतिष्ठा में शामिल होंगे मंदिरों के प्रमुख

देश के बड़े-बड़े मंदिरों तिरुपति, वैष्णों देवी और काशी विश्वनाथ मंदिर के प्रमुखों को भी इस आयोजन में आमंत्रित किया गया है। देश की प्रमुख धार्मिक और सामाजिक संस्थान जो लोगों के जीवन स्तर को सुधारने के लिए काम करती है। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ और विश्व हिंदू परिषद के क्रमशः 25 और 100 ही लोगों को आमंत्रित किया गया है।
इसी कड़ी में सेना, उत्तर प्रदेश पुलिस, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, के प्रमुख एवं सेवानिवृत्त अधिकारियों को भी आमंत्रित किया गया है। भूतपूर्व प्रधानमंत्री सहित भारत सरकार के पूर्व और वर्तमान में कार्यरत प्रमुख कर्मचारियों को भी बुलावा भेजा गया है। इसके अतिरिक्त राम मंदिर के निर्माण में लगी कंपनियों के कर्मचारियों और अन्य लोगों को भी आमंत्रित किया गया है।

Rajesh Mishra
राजेश मिश्रा
आप उत्तर प्रदेश के वाराणसी के रहने वाले हैं। आपने राजकीय पॉलीटेक्निक, लखनऊ से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। आप ऐतिहासिक जगहों पर घूमना और उनके बारे में जानने और लिखने का शौक रखते हैं।
आप THE HIND MANCH में लेखक के रूप में जुड़े हैं।
[…] के महावीर मंदिर के सचिव कुणाल किशोर के अनुसार, अयोध्या में […]