UP Budget 2024 : सीएम योगी ने बजट प्रभु श्री राम को किया समर्पित
आज योगी सरकार ने वर्ष 2024-25 का बजट विधानसभा में पेश किया गया। उत्तर प्रदेश का UP Budget 2024 वित्तमंत्री सुरेश खन्ना ने पेश किया। इस दौरान सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ व अन्य विधानसभा सदस्य उपस्थित रहे। बताते चलें कि इस वर्ष सरकार ने प्रदेश में विकास करने के लिए 7 लाख 36 हजार 437 करोड़ 71 लाख रुपए का बजट दिया है। जिसमें 24 हजार करोड़ रुपए सरकार द्वारा नई परियोजनाओं के लिए आवंटित किए गए हैं।
इस दौरान प्रदेश के वित्तमंत्री ने सदन में बोलते हुए कहा कि-,” हमारी सरकार अब तक लगभग 6 करोड़ व्यक्तियों को गरीबी से बाहर निकालने में सफल रही है। आज प्रदेश में बेरोजगारी की दर केवल 2.4 प्रतिशत रह गई है। प्रदेश सरकार द्वारा सेमी कन्डक्टर नीति को मंजूरी दी गई है। यह नीति प्रदेश में सेमी कन्डक्टर इकाईयों की स्थापना एवं विकास का मार्ग प्रशस्त करेगी जिससे देश और विदेश से प्रदेश में बड़े पैमाने पर निवेश प्राप्त होगा। ऐसी नीति लाने वाला उत्तर प्रदेश देश का चौथा राज्य बन गया है।”

वहीं सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने कहा कि UP Budget 2024 प्रभु श्री राम को समर्पित है। बताते चलें कि आज का UP Budget 2024 योगी सरकार के दूसरे कार्यकाल का आठवां बजट होगा। इस बार के UP Budget 2024 में जहां लोकसभा चुनाव के मद्देनजर बजट को तैयार किया गया है। जिसमें युवाओं, किसानों, महिलाओं और गरीबों को साधने की कोशिश की गईं है।

सीएम योगी ने अपने भाषण में आगे कहा कि यह हमारी सरकार का आठवां बजट है। हमारी सरकार का हर बजट विशेष थीम पर और राज्य के लिए मंगलकारी योजना के साथ प्रस्तुत होता है। हमारी सरकार का जो पहला बजट था, वो हमारे प्रदेश के अन्नदाता किसानों के लिए था। बजट की इसी कड़ी में हमारे यह बजट प्रभु श्रीराम को समर्पित है। हमारा यह बजट लोकमंगल की भावना को समर्पित है।
बजट के दौरान वित्तमंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि इस वर्ष का बजट योगी सरकार का राज्य में खुशहाली और समृद्धि लाने वाला है। आज बजट राज्य की गाड़ी को विकास की रफ्तार देगा। आज का बजट हमारे लक्ष्य 1 ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी के लक्ष्य को हासिल करने में मदद करने वाला है। वित्त मंत्री ने आगे बताया कि इस वर्ष के बजट में हर जरूरत, हर वर्ग का ख्याल रखा गया है।

वित्तमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के स्वास्थ्य को लेकर गंभीर है। ऐसे में नारी स्वास्थ्य को भी बजट में रखा गया है। बताते चलें कि महिलाओं खासकर उन युवा महिलाओं ,जिनकी उम्र 9-14 वर्ष है, उन्हें सर्वाइकल कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से बचाने के लिए टीकाकरण केंद्रों की स्थापना इस बजट में की जाएगी। वित्तमंत्री ने बजट के दौरान बताया कि यह बजट भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में एक अहम भूमिका निभाने वाला है।

वहीं उत्तर प्रदेश विधानसभा में विपक्ष के नेता अखिलेश यादव ने इस बजट में नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि बजट केवल नाम का नहीं रहना चाहिए। यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि,” बीजेपी की सरकार हमेशा दावा करती है कि सबसे बड़ा बजट आ रहा है। बजट काम का होना चाहिए, बजट केवल नाम का नहीं आना चाहिए। हमें उम्मीद है कि किसान की आय दुगुनी, बेरोजगार जवान के रोजगार और यूपी की जनता की सुरक्षा का बजट आएगा।
UP Budget 2024 की प्रमुख बातें
- अप्रेंटिसशिप के माध्यम से युवाओं को उद्योगों में भत्ते के साथ प्रशिक्षण प्रदान किए जाने के क्रम में मुख्यमंत्री शिक्षुता प्रोत्साहन योजना के लिए वित्तीय वर्ष 2024-25 में ₹70 करोड़ की व्यवस्था प्रस्तावित है।
- ऑपरेशन कायाकल्प के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2024-25 में ₹1,000 करोड़ की व्यवस्था प्रस्तावित है।
- महिला सशक्तिकरण को चरितार्थ करते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने वित्तीय वर्ष 2024-2025 में 200 उत्पादक समूहों के गठन का लक्ष्य रखा है।
- वहीं, उत्तर प्रदेश रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष के अंतर्गत जघन्य अपराधों से पीड़ित महिलाओं एवं बालिकाओं को ₹1 लाख से ₹10 लाख की आर्थिक क्षतिपूर्ति भी दे रही है।
- उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रदेश में एफडीआई, फार्च्यून ग्लोबल 500 और फॉर्च्यून इंडिया 500 कंपनियों के निवेश को आकर्षित करने के लिए फॉरेन डायरेक्ट इंवेस्टमेंट एवं प्रोत्साहन नीति-2023 घोषित की।
- प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत दिसंबर, 2023 तक 2.62 करोड़ कृषकों के खातों में ₹63,000 करोड़ की धनराशि ट्रांसफर की जा चुकी है।
- इसके साथ ही उत्तर प्रदेश सरकार, प्रधानमंत्री किसान मान-धन योजना के अंतर्गत लघु एवं सीमांत किसानों को 60 वर्ष की आयु प्राप्त करने पर ₹3000 की मासिक पेंशन की सुविधा भी देगी।
खबरों से अपडेट रहने के लिए जुड़ें :-

Rajesh Mishra
राजेश मिश्रा
आप उत्तर प्रदेश के वाराणसी के रहने वाले हैं। आपने राजकीय पॉलीटेक्निक, लखनऊ से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। आप ऐतिहासिक जगहों पर घूमना और उनके बारे में जानने और लिखने का शौक रखते हैं।
आप THE HIND MANCH में लेखक के रूप में जुड़े हैं।